मंत्रोच्चारण और फूल-मालाओं से हुआ स्वागत
केदारनाथ। मां ज्वाला कठूड़ शुक्रवार को बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए केदारनाथ धाम पहुंचीं। धाम पहुंचने पर केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्यों और पंडा समाज ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। वहीं, बाबा केदार के पुजारियों ने मंत्रोच्चारण के साथ मां ज्वाला का अभिनंदन किया।
मां ज्वाला कठूड़ के केदारनाथ धाम पहुंचने का दृश्य देखकर उनके भक्तों में खासा उत्साह नजर आया। बाबा केदार और मां ज्वाला के इस मिलन के भावुक क्षणों ने श्रद्धालुओं को भी भावविभोर कर दिया।
बताया गया कि 56 साल बाद मां ज्वाला कठूड़ और बाबा केदारनाथ का यह मिलन हुआ है। इस ऐतिहासिक और धार्मिक अवसर को मां ज्वाला के भक्तों ने यादगार पल के रूप में देखा। केदारनाथ धाम में इस दौरान श्रद्धा और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला।
