गोपेश्वर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में सिविल जज (सीडी) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पुनीत कुमार, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं कानून परामर्शदाता समीर बहुगुणा तथा अधिवक्ता मोहन पंत ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा किए। वक्ताओं ने सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए यातायात नियमों के पालन को समय की आवश्यकता बताया।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर न्यायपालिका भी गंभीर है और इस संबंध में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन जिम्मेदार नागरिक होने की पहचान है।

वरिष्ठ अधिवक्ता समीर बहुगुणा ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर प्रकाश डालते हुए हेलमेट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क संकेतों की जानकारी रखने की आवश्यकता बताई। वहीं अधिवक्ता मोहन पंत ने सड़क सुरक्षा को लेकर सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को दिए गए निर्देशों की जानकारी दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एम.पी. नगवाल ने कहा कि जीवन अमूल्य है और युवाओं को वाहन चलाते समय लापरवाही से बचना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर दूसरों के लिए भी उदाहरण बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में जागरूकता रैली निकालकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। रैली के दौरान “हेलमेट पहनो—जान बचाओ” और “नजर हटी—दुर्घटना घटी” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, एनसीसी एवं एनएसएस के स्वयंसेवक तथा राजनीति विज्ञान विभाग के स्नातकोत्तर छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग के प्रभारी डॉ. डी.एस. नेगी ने किया।
