Breaking News

कावली रोड की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, DM को सौंपा ज्ञापन

कावली रोड की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, DM को सौंपा ज्ञापन

एक सप्ताह में समाधान नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

देहरादून। देहरादून की कावली रोड पर लगातार बढ़ती यातायात समस्या और बदहाल सड़क को लेकर स्थानीय लोगों, व्यापारियों और वाहन चालकों का आक्रोश सामने आया है। क्षेत्रवासियों ने बुधवार को जिलाधिकारी को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सड़क जाम कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बल्लीवाला चौक से सहारनपुर चौक तक कावली रोड की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो चुके हैं, जिसके कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद सड़क की हालत और अधिक खराब हो गई है और कई स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।

ज्ञापन में प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराने, सभी गड्ढों को भरने और राहगीरों व वाहन चालकों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। साथ ही, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जिलाधिकारी के बार-बार निर्देशों के बावजूद सहारनपुर चौक से बल्लीवाला चौक तक सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसे लेकर संबंधित लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।

क्षेत्रवासियों ने स्थानीय विधायक और जनप्रतिनिधियों पर भी सड़क की समस्या को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सड़क की बदहाली का असर रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों पर पड़ रहा है।

लोगों के अनुसार, गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। बार-बार टायर पंचर होने और वाहनों की मरम्मत पर होने वाले खर्च से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वहीं, सड़क पर लगने वाले जाम के चलते एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के फंसने का खतरा भी बना रहता है।

ज्ञापन पर सैकड़ों स्थानीय लोगों के हस्ताक्षर शामिल हैं। हस्ताक्षर करने वालों में सीपीएम सचिव अनन्त आकाश, रवि धीमान, विप्लव, रामाकृष्ण, सुरेश कुमार, अनिल, बागसिंह, चिन्तन, पुष्पलता, राजदुलारी, रूचि, ज्योति, सुबोध, रानी, शुभम, आकाश, मजंर, बृजेश, सुभागा, कल्पेश्वरी, सत्या, विकास, आरती, गीता, किरन, पूजा, मनीषा, शहजाद, सुनील, राजेश और आशा समेत अन्य लोग शामिल रहे।

स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित विभाग को निर्देश देने और सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि सात दिन के भीतर सड़क की मरम्मत और यातायात समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्रवासी सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।