Breaking News

दिव्यांग युवक की हत्या, आरोपित पत्नी के साथ फरार

 रामनगर : छोटी दीवाली के दिन मालधन गांव में युवक ने पड़ोसी की पाटल से वारकर हत्या कर दी। पुलिस ने खून से लथपथ शव पड़ोसी की झोपड़ी से बरामद किया। मृतक एक हाथ से दिव्यांग है। 

मूलरूप से उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के किशनपुर निवासी 45 वर्षीय वीर सिंह पुत्र चेतराम मालधन के आनंदनगर में परिवार के साथ रहता था। बुधवार शाम को वीर सिंह पड़ोसी अमर सिंह के घर गया था, जहां उनमें विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि अमर सिंह ने वीर सिंह के गले पर पाटल से वार उसकी हत्या कर दी। घटना के वक्त आरोपित की पत्नी भी मौके पर ही थी। वारदात के बाद आरोपित पत्नी के साथ फरार हो गया।

आरोपित अमर सिंह व उसकी पत्नी पुलिस हिरासत में है, मगर सीओ बलजीत भाकुनी ने इस बारे में कोई भी जानकारी देने से इन्कार कर दिया है। उन्होंने बताया है कि सूचना पर मालधन व रामनगर से पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और हत्या में प्रयुक्त पाटल भी बरामद कर लिया है। आरोपित अमर सिंह पर हत्या का संदेह है। पुलिस जांच कर रही है। 

हत्या के पीछे अवैध संबंध का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस इस पहलू के साथ ही जमीन विवाद पर भी जांच कर रही है। मृतक का बड़ा लड़का जयदेव मजदूरी करता है, जबकि छोटा लड़का टेलर है। मृतक की दो पुत्री भी है। घटना की सूचना पुलिस को भी काफी देर से मिली। 

हत्या के बाद ठिकाने लगा रहा था शव

वारदात के बाद आरोपित शव को ठिकाने लगाने की योजना बना रहा था। हत्या करने के बाद किसी को जानकारी न हो, इसके लिए वह शव को झोपड़ी के अंदर से घसीटकर ले जाने लगा। इस बीच बाहर उसे कुछ लोगों ने देख लिया तो उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपित फरार हो गया।