Breaking News

बहादुरपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य कार्यक्रम, महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा

सेलाकुई/देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बहादुरपुर क्षेत्र में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बहादुरपुर स्थित निरंजन सिंह चौहान के निवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में कई कीर्तन मंडलियों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, वहीं महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर सहित कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

इस अवसर पर सभासद अंबिका चौहान ने महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और उनके सशक्तिकरण से ही समाज को नई दिशा मिल सकती है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर और उनकी धर्मपत्नी बबीता पुंडीर भी मौजूद रहे। उन्होंने सभी मातृशक्ति को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान कारगिल शहीद की वीरांगना आशा देवी को अंबिका चौहान, किरण पवार, आशा रावत सहित क्षेत्र की महिलाओं द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा समाजसेवी नीलम नेगी को भी सम्मान देकर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की गई।

समारोह के अंत में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं ने महिला दिवस के अवसर पर केक काटकर सभी को वितरित किया। कार्यक्रम में आशा रावत, मंजू देवी, नीलम नेगी, बीरा चौहान, सुनीता चौहान, शांति देवी, अरुणा देवी, उमा पवार, सुनीता शर्मा, आशा देवी, नीतू बालोद और कुमारी मेघा बलोदी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।