Breaking News

सीपीआईएम का भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ राज्यस्तरीय प्रदर्शन

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की उत्तराखंड राज्य कमेटी के तत्वावधान में भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी और देशविरोधी नीतियों के खिलाफ राज्यस्तरीय जत्थे की शुरुआत की गई। कार्यक्रम की शुरुआत देहरादून स्थित गांधी पार्क से हुई, जहां जनसभा के बाद रैली निकाली गई।

कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य कामरेड बीजू कृष्णन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की। इसके बाद आयोजित जनसभा में वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए विभिन्न जन मुद्दों को उठाया। सभा के बाद रैली गांधी पार्क से निकलकर राजपुर रोड, घंटाघर, दर्शनलाल चौक और तहसील चौक होते हुए कचहरी पहुंची, जहां उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।

सभा को संबोधित करते हुए बीजू कृष्णन ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का जिक्र करते हुए ईरान पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की निंदा की और इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर इस मुद्दे का समाधान कूटनीतिक प्रयासों के माध्यम से किया जाना चाहिए। वक्ताओं ने अमेरिका की नीतियों की आलोचना करते हुए इसे संप्रभु राष्ट्रों के अधिकारों का उल्लंघन बताया।

इस दौरान केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए गए। पार्टी के केंद्रीय कमेटी सदस्य राजेंद्र नेगी ने कहा कि सरकार की नीतियां मजदूर, किसान और आम जनता के हितों के खिलाफ हैं और पार्टी इन मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करेगी। वहीं पार्टी के राज्य सचिव राजेंद्र पुरोहित ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम जनता परेशान है।

जनवादी महिला समिति की प्रदेश उपाध्यक्ष इंदु नौडियाल ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त की और महिला हिंसा के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। वहीं सीटू के जिलामहामंत्री लेखराज ने मजदूर विरोधी चार श्रम कोड वापस लेने की मांग की।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न जन समस्याओं को लेकर तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी, मुख्य सचिव और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में महिला हिंसा के मुद्दे, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी और भोजमाताओं की मांगों, एलिवेटेड रोड योजना को निरस्त करने तथा बस्तियों को मालिकाना हक देने सहित कई मुद्दे शामिल थे।

कार्यक्रम में पार्टी के अनेक पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिलामंत्री कामरेड शिवप्रसाद देवली ने किया, जबकि समापन कामरेड कमरुद्दीन ने किया।