देहरादून। वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए देव ऋषि एजुकेशनल सोसाइटी और एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट स्टडी, नंदा की चौकी के तत्वावधान में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के करीब 160 वरिष्ठ नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में बाल कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष मोहन सिंह खत्री मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शरद सुंदरियाल और सह-कार्यकारी अधिकारी हरनीत नारंग ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर मोहन सिंह खत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज और परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का बेहतर स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन समाज की खुशहाली के लिए जरूरी है। उन्होंने बुजुर्गों को उनके अधिकारों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का भी संदेश दिया।

स्वास्थ्य शिविर में सुभारती अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. कंसल के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम और मॉडर्न डायग्नोस्टिक्स की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। वरिष्ठ नागरिकों की निःशुल्क नेत्र जांच के साथ रक्त जांच, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच की गई।
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारियों से बचाव के संबंध में जरूरी चिकित्सकीय परामर्श दिया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य मेघ सिंह, कंडोली की ग्राम प्रधान कोमल सहित संस्था और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें समय पर आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
