देहरादून। गांधी ग्राम में आयोजित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के एक दिवसीय सम्मेलन में सरकार पर उत्पीड़न के आरोप लगाए गए। सम्मेलन में बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकत्रियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए नाराजगी जताई।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष उषा रानी ने कहा कि सरकार द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को दिए गए मोबाइल फोन ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कभी एक विषय का डाटा तो कभी किसी अन्य विषय से संबंधित आंकड़े मांगे जा रहे हैं, जिससे कार्यकत्रियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ गया है और उनका मूल कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
कार्यकत्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि वेतन वृद्धि की घोषणाएं केवल समाचार पत्रों तक सीमित रह जाती हैं, जबकि जमीनी स्तर पर इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ऊषा रानी और प्रांतीय अध्यक्ष जानकी चौहान ने सरकार से आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
सम्मेलन में चित्रकला, लक्ष्मी पंत, ज्योतिका पांडे, कुँवारी कलूटा, शांति बिष्ट, नीमा रावत, भारती राणा और सुनीता रावत सहित प्रदेश भर की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
