देहरादून। बस्ती बचाओ आंदोलन के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून नगर निगम के मेयर सौरभ थपलियाल से मुलाकात कर बिंदाल नदी के आसपास स्थित बस्तियों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मेयर को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अगस्त और सितंबर 2025 में हुई अतिवृष्टि तथा बाढ़ के कारण बिंदाल नदी के किनारे बसे कई मोहल्लों को भारी नुकसान पहुंचा था। बाढ़ के दौरान नदी किनारे बने कई सुरक्षा पुश्ते क्षतिग्रस्त हो गए थे, लेकिन अब तक उनका पुनर्निर्माण नहीं हो पाया है। साथ ही बड़ी संख्या में प्रभावित परिवारों को अभी तक मुआवजा और राहत राशि भी नहीं मिली है।

ज्ञापन में बिंदाल नदी के दोनों किनारों पर टूटे हुए पुश्तों का शीघ्र निर्माण कराने, नदी में जमा कीचड़ और कूड़े-कचरे की सफाई शुरू करने, मलिन बस्तियों में स्ट्रीट लाइट लगाने, नियमित सफाई और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए दवा छिड़काव कराने तथा बाढ़ प्रभावित परिवारों को घोषित राहत राशि तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की गई।
मेयर सौरभ थपलियाल ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में विप्लव अनंत, नितेश रंजन, शहनाज सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
