Breaking News

विश्व रक्तदान दिवस पर दून अस्पताल में लगेगा रक्तदान शिविर, लोगों से की गई सहभागिता की अपील

देहरादून। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर 14 जून को दून अस्पताल में एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ-साथ आम नागरिक भी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।

भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष, समाजसेवी एवं राज्य आंदोलनकारी मोहन खत्री ने बताया कि रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों, विशेष रूप से थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों और अन्य रोगियों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से कई लोगों को नया जीवन मिलता है और यह मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है।

मोहन खत्री ने प्रदेशवासियों से रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने परिवार और मित्रों के साथ इस अभियान का हिस्सा बनें तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद और गरीब परिवार के जीवन में खुशियों की नई किरण ला सकता है। रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों के लिए एक यूनिट रक्त भी जीवनदायिनी साबित हो सकता है। आयोजकों ने नागरिकों से इस जनहित अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया है।