भाईचारे और मानवता की मिसाल बनी स्वाभिमान मोर्चा की दिवाली
देहरादून। उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा की पछवादून इकाई ने इस वर्ष दिवाली का पर्व एक अनोखे और मानवीय अंदाज़ में मनाया। मोर्चे के पछवादून अध्यक्ष निरंजन चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मानसिक स्वास्थ्य संस्थान (SMHI), सेलाकुई देहरादून में मरीजों के साथ दिवाली का उत्सव मनाया।
इस अवसर पर मोर्चा के सदस्यों ने मरीजों को मिठाइयाँ खिलाईं, दीप जलाए और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सबसे युवा पार्षद कुमारी अंबिका चौहान भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं, जिन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया और शुभकामनाएं दीं।

मोर्चा अध्यक्ष निरंजन चौहान ने कहा कि दिवाली का असली अर्थ सिर्फ घरों को रोशन करना नहीं, बल्कि किसी के जीवन में उजाला भरना भी है। आज हमने यह रोशनी उन लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जो समाज से दूर हैं, लेकिन स्नेह और अपनापन महसूस करने के हकदार हैं।
वहीं युवा पार्षद कुमारी अंबिका चौहान ने कहा कि यह दिवाली मेरे लिए यादगार रहेगी क्योंकि आज मैंने मुस्कान वहां देखी जहाँ अक्सर सन्नाटा होता है। हमें अपने त्योहारों को सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि सेवा और संवेदना का माध्यम बनाना चाहिए।
इस अवसर पर उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे जिन्होंने यह संकल्प लिया कि हर वर्ष दिवाली जैसे त्योहार समाज के उपेक्षित वर्गों के साथ मनाएंगे, ताकि खुशियों की यह रोशनी सबके जीवन में समान रूप से फैले।
