मुख्य वन संरक्षक और पर्यावरणविद् सुनील पुंडीर की उपस्थिति में ग्रामीणों ने लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प
चमोली। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग चमोली द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कठूड गांव में एक भव्य जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व के मुख्य वन संरक्षक पंकज कुमार और विशिष्ट अतिथि के रूप में “आवा अभियान” के जनक और प्रसिद्ध पर्यावरणविद् सुनील पुंडीर उपस्थित रहे। अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर अतिथियों का पारंपरिक तरीके से बैच अलंकरण, स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। महिला मंगल दल कठूड द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया।
मुख्य वन संरक्षक पंकज कुमार ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण की आवश्यकता और प्लास्टिक उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। वहीं पर्यावरणविद् सुनील पुंडीर ने ग्लोबल वार्मिंग, कार्बन उत्सर्जन और वनाग्नि से बचाव पर विस्तृत जानकारी देते हुए लोगों से प्रकृति की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एसडीओ केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग मोहन सिंह नेगी, रेंजर प्रदीप गौड़, स्वीप समन्वयक डॉ. दर्शन सिंह नेगी, सरपंच धर्मेंद्र सैलानी, एनईएच परिवार से रंगकर्मी कुलदीप सिंह करासी, महिला मंगल दल अध्यक्ष श्रीमती उषा कनवासी, श्रीमती उमा सजवान समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाई।
