Breaking News

स्वर्गीय रमेश कुमार वर्मा की जयंती पर पौधारोपण, मोहन सिंह खत्री ने दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

स्वर्गीय रमेश कुमार वर्मा की जयंती पर पौधारोपण, मोहन सिंह खत्री ने दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

देहरादून। अग्रणी समाजसेवी स्वर्गीय रमेश कुमार वर्मा की जयंती के अवसर पर बुधवार को राजकीय प्रशिक्षण संस्थान, महिला परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय रमेश कुमार वर्मा के सामाजिक योगदान एवं जनसेवा के कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का आयोजन राज्य बाल कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य आंदोलनकारी मोहन सिंह खत्री के सहयोग से किया गया। इस दौरान परिसर में पौधारोपण के साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प भी लिया गया। छात्राओं को फल भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहन सिंह खत्री ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय रमेश कुमार वर्मा की जयंती पर पौधारोपण कर उन्हें याद करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। खत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। सभी वर्गों को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

इस अवसर पर राजकीय महिला आईटीआई की प्रधानाचार्य पल्लवी शर्मा, कार्यदेशक धर्मेश डोभाल, नितिन वर्मा, रेणु कश्यप, आशा भंडारी, अंजना नौटियाल, अर्जुन रावत, विजय बिष्ट, भीम सिंह, कुसुम नेगी, हरीश चंद्र जोशी सहित छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।