देहरादून। बाल कल्याण परिषद भवन परिसर में उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ जननेता स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट की पुण्य स्मृति में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाल कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष, राज्य आंदोलनकारी एवं समाजसेवी मोहन सिंह खत्री सहित अनेक गणमान्य लोगों ने पौधा रोपकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहन सिंह खत्री ने कहा कि स्व. हीरा सिंह बिष्ट का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, सेवा और जनहित के कार्यों से प्रेरित रहा। उन्होंने बताया कि स्व. बिष्ट इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष रहे, तीन बार विधायक निर्वाचित हुए तथा उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। इसके अतिरिक्त वे डीएवी पीजी कॉलेज, देहरादून के छात्रसंघ अध्यक्ष, जिला न्यायालय में अधिवक्ता तथा विभिन्न सामाजिक एवं जनसंगठनों के प्रतिनिधि भी रहे।
उन्होंने कहा कि पृथक उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर चले जनआंदोलन में स्व. हीरा सिंह बिष्ट की भूमिका उल्लेखनीय रही। वे जनसरोकारों से जुड़े ऐसे विकास पुरुष थे, जिन्होंने जीवनभर समाज और प्रदेश के विकास के लिए कार्य किया।
मोहन सिंह खत्री ने कहा कि आज उनकी स्मृति में लगाया गया यह पौधा भविष्य में एक विशाल वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को उनके व्यक्तित्व, संघर्ष और जनसेवा की प्रेरणा देता रहेगा। यह पौधा इस बात का भी प्रतीक होगा कि जमीन से जुड़कर कार्य करने वाला व्यक्ति अपने कर्मों के बल पर समाज में ऊंचा स्थान प्राप्त करता है।
इस अवसर पर सर्वश्री मोहन सिंह खत्री, राजेन्द्र सिंह रावत, कमलेश्वर प्रसाद भट्ट, वी.के. डोभाल, कुसुम कोठारी, जयंती खत्री, रमेश खत्री, ललित मोहन लखेड़ा, किरण खंडूरी, योगेन्द्र सिंह रावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
