Breaking News

राष्ट्रपति ने दोनों सदनों को किया संबोधित, सरकार की गिनाई उपलब्धियां

देहरादून: मंगलवार को संसद का बजट सत्र पेश किया गया I राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के साथ इस सत्र की शुरुआत हुई। राष्ट्रपति ने लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों को संबोधित किया। 

इस दौरान अपने संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि अमृतकाल का यह 25 वर्ष का कालखंड, स्वतंत्रता की स्वर्णिम शताब्दी का और विकसित भारत के निर्माण का कालखंड है। ये 25 वर्ष हम सबके लिए और देश के प्रत्येक नागरिक के लिए कर्तव्यों की पराकाष्ठा करके दिखाने के हैं। 

उन्होंने कहा कि सरकार के लगभग 9 वर्षों में भारत के लोगों ने अनेक सकारात्मक परिवर्तन पहली बार देखे हैं। सबसे बड़ा परिवर्तन यह हुआ है कि आज हर भारतीय का आत्मविश्वास शीर्ष पर है और दुनिया का भारत को देखने का नजरिया बदला है।

कहा कि जो भारत कभी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूसरों पर निर्भर था, वही आज दुनिया की समस्याओं के समाधान का माध्यम बना है। जिन सुविधाओं के लिए देश की एक बड़ी आबादी ने दशकों तक इंतजार किया, वे इन वर्षों में उसे मिली है। पहले टैक्स रिफंड के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। आज ITR भरने के कुछ ही दिनों के भीतर रिफंड मिल जाता है। आज GST से पारदर्शिता के साथ-साथ करदाताओं की गरिमा भी सुनिश्चित हो रही है।

राष्ट्रपति ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर आतंकवाद पर कठोर प्रहार तक, LoC से लेकर LAC तक हर दुस्साहस के कड़े जवाब तक, धारा 370 को हटाने से लेकर तीन तलाक तक, मेरी सरकार की पहचान एक निर्णायक सरकार की रही है। जनधन-आधार-मोबाइल से फर्जी लाभार्थियों को हटाने से लेकर वन नेशन वन राशन कार्ड तक, एक बहुत बड़ा स्थाई सुधार हमने किया है। बीते वर्षों में डीबीटी के रूप में, डिजिटल इंडिया के रूप में, एक स्थाई और पारदर्शी व्यवस्था देश ने तैयार की।

उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मेरी सरकार आने के बाद भारत में गरीबों के लिए औसतन हर रोज आवास योजना के 11 हजार घर बने। इसी अवधि में भारत में हर रोज औसतन ढाई लाख लोग ब्रॉडबैंड कनेक्शन से जुड़े। हर रोज 55 हजार से ज्यादा गैस कनेक्शन दिए। मुद्रा योजना के तहत रोजाना 700 करोड़ से ज्यादा का लोन दिया। बीते 8-9 सालों में लगभग हर महीने एक मेडिकल कॉलेज बना। इस दौरान देश में हर दिन में दो कॉलेजों की स्थापना हुई है। हर हफ्ते एक यूनिवर्सिटी बनी।

संसद की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण के समापन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपाध्यक्ष जगदीप धनखड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और अन्य सांसदों का अभिवादन किया।

कांग्रेस नेता ने सरकार पर उठाया सवाल

वहीं, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि राष्ट्रपति का अभिभाषण दोहराता है कि सरकार क्या चाहती है और क्या करती है। राष्ट्रपति सरकार का बयान पेश करते हैं। फिर भी हम राष्ट्रपति के अभिभाषण का सम्मान करते हैं। सदन में जब चर्चा होगी तब हम अपने विचार रखेंगे। सरकार के खिलाफ बहुत से मुद्दे हैं।

कहा कि सरकार के खिलाफ हमारे पास कई मुद्दे हैं। हम इन मुद्दों को एक-एक कर संसद में उठाएंगे। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बेरोजगारी को लेकर कुछ नहीं था। हम और देश की जनता सरकार की नाकामी देख पा रही है। वे सिर्फ बोलते है, करते कुछ नहीं।