गोपेश्वर। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय गोपेश्वर ही नहीं, बल्कि जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कठूड़, टंगसा-सिरों, दोगड़ी-काण्डई और बमियाला गांवों के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने शिक्षकों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय कठूड़ में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने संयुक्त रूप से शिक्षक दिवस मनाया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहन लाल और सहायक अध्यापक ऋषि प्रसाद थपलियाल को शॉल ओढ़ाकर एवं फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। बच्चों ने अपने शिक्षकों को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।

कक्षा चार के छात्र दिव्यांश बिष्ट ने कहा कि शिक्षक दिवस के मौके पर अपने गुरु को गुरुदक्षिणा के रूप में पेन भेंट करना उनके लिए खुशी और सुखद अनुभव का अवसर रहा। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा पुष्पा देवी, महिपाल बिष्ट, राखी बिष्ट सहित गांव के अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुनील नाथन बिष्ट ने किया।
वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज टंगसा में भी शिक्षक दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों को उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया और आशीर्वाद लिया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।

दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों ने गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षकों के प्रति विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के सम्मान को एक बार फिर उजागर किया।
