देहरादून। इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ–वोट बचाओ’ अभियान चलाने का ऐलान किया है। अभियान के तहत जिला, शहर, ब्लॉक और प्रखंड स्तर पर संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गठबंधन नेताओं ने मतदाता सूची से हटाए गए नामों की समीक्षा, पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतदाता अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब मिलना चाहिए। गठबंधन नेताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने अभियान की रूपरेखा रखते हुए बताया कि 2 से 8 अक्टूबर तक इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल संयुक्त रूप से लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करेंगे। उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर को देहरादून में गांधी पार्क से मार्च और विरोध कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सीपीएम के राज्य सचिवालय सदस्य लेखराज ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल इस मुद्दे पर एकजुट होकर संघर्ष करेंगे। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर आपत्ति जताते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष सुजाता पॉल ने कहा कि मतदाता के अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनता से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव विक्रम सिंह पुन्डीर ने कहा कि 8 अक्टूबर के कार्यक्रम में कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दल शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि जिला, शहर और ब्लॉक स्तर पर संयुक्त कार्यक्रमों के जरिए अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
कांग्रेस प्रवक्ता एवं इंडिया गठबंधन संयोजक शीशपाल बिष्ट ने ईसीआई-नेट (ECI-NET) सॉफ्टवेयर को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली तकनीकी व्यवस्था से जुड़े सवालों पर चुनाव आयोग को स्पष्ट और सार्वजनिक जवाब देना चाहिए। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रेस वार्ता में सीपीएम के राज्य समिति सदस्य हिमांशु चौहान, समाजवादी पार्टी की फहमीदा बानो और हेमा बोरा समेत अन्य नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर आगे भी संयुक्त कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे।


