देहरादून/नागथात। भारतीय रेडक्रॉस समिति उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष मोहन खत्री ने नागथात स्थित रेडक्रॉस अस्पताल का भ्रमण किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए खत्री और रेडक्रॉस कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण भी किया।

मानसून के चलते क्षेत्र में उत्पन्न समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए रेडक्रॉस समिति की ओर से आपदा प्रवाहित परिवारों को राहत सामग्री, जैसे तिरपाल आदि वितरित की गई। इस दौरान खत्री ने बताया कि रेडक्रॉस समिति मानव सेवा के लिए प्रतिबद्ध संस्था है, जो आपदा प्रबंधन, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण सहित सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य की सभी जिला स्तरीय रेडक्रॉस समितियों को पहले से ही मानसून के दौरान राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी है ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके।

इस अवसर पर समिति के आशीष नेगी, पूर्व प्रधान हुकम सिंह चौहान, राजेंद्र रावत, श्रीमती कविता मंडल समेत नागथात क्षेत्र के कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने रेडक्रॉस समिति के इस सेवा कार्य की सराहना की।
