Breaking News

गोपेश्वर में स्वच्छता अभियान को ओएनजीसी का सहारा, नगर पालिका को सौंपे दो वाटर टैंक और पांच फॉगिंग मशीनें

गोपेश्वर में स्वच्छता अभियान को ओएनजीसी का सहारा, नगर पालिका को सौंपे दो वाटर टैंक और पांच फॉगिंग मशीनें

देहरादून। उत्तराखंड में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और सामाजिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की ऊर्जा कंपनी ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी) लगातार सहयोग कर रही है। इसी क्रम में ओएनजीसी ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत चमोली जिले की गोपेश्वर नगर पालिका को स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न सामग्री उपलब्ध कराई है। इसके तहत नगर पालिका को दो 3 हजार लीटर क्षमता वाले वाटर टैंक, पांच फॉगिंग मशीनें और कूड़ा उठाने के लिए 25 हाथ ठेलियां सहित सफाई से संबंधित अन्य सामग्री सौंपी गई।

नगर पालिका परिषद गोपेश्वर कार्यालय में आयोजित एक सादे कार्यक्रम में शिवालिक एजुकेशनल सोशल वेलफेयर एंड ह्यूमन रिसोर्स सोसायटी ने यह सामग्री नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत को सौंपी। ओएनजीसी ने यह सहयोग संबंधित संस्था के माध्यम से उपलब्ध कराया है।

इस अवसर पर ओएनजीसी के पूर्व कर्मचारी एल. मोहन लखेड़ा ने बताया कि कंपनी सीएसआर के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता जैसे सामाजिक क्षेत्रों में पर्वतीय इलाकों को सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रस्तावों के माध्यम से अब तक 2500 से अधिक सरकारी विद्यालयों को फर्नीचर, कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी है।

नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने ओएनजीसी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी सामाजिक हित से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी नगर पालिका को ओएनजीसी का इसी तरह सहयोग मिलता रहेगा। उपलब्ध कराई गई सामग्री से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में ओएनजीसी के मुख्य महाप्रबंधक एवं एचसीए नीरज कुमार शर्मा, महाप्रबंधक पवन कुमार सैनी और सीएसआर प्रभारी विशाल शर्मा ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सुनील नाथन बिष्ट और जीआईसी गौणा के पीटीए अध्यक्ष गजेंद्र रावत को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में शिवालिक एजुकेशनल सोशल वेलफेयर एंड ह्यूमन रिसोर्स सोसायटी के अध्यक्ष उत्तम रावत, प्रोजेक्ट मैनेजर अंकुर बिष्ट, सचिव दयाल सिंह रावत, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार पंत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बड़थ्वाल सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, नगर पालिका के सभासद और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।