Breaking News

देहरादून में निरंकारी मिशन का रक्तदान शिविर, 60 लोगों ने किया रक्तदान

देहरादून। सामाजिक सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए निरंकारी मिशन देहरादून के तत्वावधान में रविवार को मालसी स्थित वेडिंग प्वाइंट में निःशुल्क रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जीवन एवं नरेन्द्र कुमार के सहयोग से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी और राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की टीम की निगरानी में आयोजित इस शिविर में कुल 60 लोगों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी की राज्य शाखा के कोषाध्यक्ष मोहन खत्री ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में लंबे समय से रक्त की कमी बनी हुई है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने यह भी कहा कि निरंकारी मिशन हमेशा से समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी रहा है और कठिन समय में लोगों के साथ खड़ा रहता है।

इस अवसर पर निरंकारी मिशन देहरादून के इंचार्ज हरभजन सिंह, प्रभारी नरेश विरमानी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा।