Breaking News

उत्कृष्ट सेवा पर चिकित्सा कर्मियों को मिला सम्मान

समाजसेवियों ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों का बढ़ाया हौसला

चमोली। चमोली जिले के जिला चिकित्सालय गोपेश्वर से एक सकारात्मक और प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां उत्कृष्ट सेवा देने वाले डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों को सम्मानित किया गया। समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सा स्टाफ का आभार जताया।

जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में मरीजों के प्रति बेहतर व्यवहार और समर्पित सेवा के लिए डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस दौरान समाजसेवियों और प्रबुद्ध जनों ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सा स्टाफ का माल्यार्पण, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।

अस्पताल के विभिन्न विभागों जैसे आकस्मिक चिकित्सा कक्ष, शल्य चिकित्सा ओपीडी और ऑपरेशन थिएटर में जाकर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग धनिक सहित अन्य डॉक्टरों और स्टाफ को सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में डॉ. अनुराग धनिक, डॉ. अमरीश कुमार, डॉ. दीपक नेगी, डॉ. अमिता, सिस्टर एंजेलिना, वार्ड बॉय राकेश नेगी और सफाई कर्मी राजू व राजा शामिल रहे।

इस मौके पर मौजूद समाजसेवियों ने कहा कि चिकित्सा कर्मियों की निस्वार्थ सेवा समाज के लिए प्रेरणादायक है और ऐसे प्रयासों से उनका मनोबल बढ़ता है।

कार्यक्रम में कई समाजसेवी और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल को सराहनीय बताया।