देहरादून। रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड की ओर से शुक्रवार को दून चिकित्सालय में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाजसेवी एवं रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष मोहन खत्री के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य रक्त की कमी को दूर करने के साथ-साथ लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कई गणमान्य लोगों ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को इस पुण्य कार्य के लिए प्रेरित किया। रक्तदान करने वालों में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जोशीमठ शैलेन्द्र पंवार, पूर्व विधायक प्रतिनिधि रजनीश पंवार, यशपाल डूंगरियाल, नरेंद्र रावत, हरीश भंडारी, पूर्व प्रधान एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि लक्ष्मण बुटोला, हेलंग के सरपंच प्रदीप भंडारी, सलूड इंटर कॉलेज के प्रबंधक अजीत कुंवर, आकाश कुमार, राम चंद्र, सचिन चौहान, आदित्य बिष्ट और नवीन पंवार सहित कई लोगों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “रक्तदान महादान” केवल एक संदेश नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उनका कहना था कि एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज को नया जीवन दे सकता है।
कार्यक्रम के समापन पर रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष मोहन खत्री ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी ऐसे जनहित के अभियान लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
