Breaking News

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे वामपंथी दल, 30 सितंबर को गांधी पार्क में होगा प्रदर्शन

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे वामपंथी दल, 30 सितंबर को गांधी पार्क में होगा प्रदर्शन

देहरादून। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर उत्तराखंड में वामपंथी दलों और जनवादी संगठनों ने आंदोलन का ऐलान किया है। इसके तहत 30 सितंबर को देहरादून के गांधी पार्क में धरना दिया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से भेजकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) सीपीएम और सीपीआई (माले) ने संयुक्त रूप से इस आंदोलन की घोषणा की है। तीनों दलों के नेताओं की सीपीएम राज्य कार्यालय में हुई संयुक्त बैठक में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता सीपीएम केंद्रीय कमेटी के सदस्य राजेंद्र नेगी ने की।

बैठक में 30 सितंबर को सुबह 11 बजे गांधी पार्क में धरना देने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में भी धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। वामपंथी दलों ने इस आंदोलन में अन्य प्रगतिशील विचारधारा वाले राजनीतिक दलों और जनसंगठनों को भी शामिल करने का फैसला किया है।

सीपीएम के राज्य सचिव राजेंद्र पुरोहित ने बताया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन को व्यापक जन-अभियान का रूप दिया जाएगा। इसके लिए विभिन्न राजनीतिक दलों, लोकतांत्रिक संस्थाओं, नागरिक संगठनों और आम लोगों से धरने में शामिल होने की अपील की जाएगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन के माध्यम से केंद्र सरकार और संबंधित संस्थाओं का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित किया जाएगा।

बैठक में सीपीआई राष्ट्रीय परिषद के पूर्व सदस्य समर भंडारी, सीपीआई के राज्य सचिव जगदीश कुलियाल, सीपीआई (माले) के इंदेश मैखुरी, सीपीएम के राज्य सचिव राजेंद्र पुरोहित और सचिव मंडल के सदस्य शिवप्रसाद देवली, लेखराज तथा अनंत आकाश मौजूद रहे।

वामपंथी दलों ने आम जनता और विभिन्न जनसंगठनों से 30 सितंबर को गांधी पार्क में आयोजित धरने में भाग लेने की अपील की है। धरने के बाद राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी।