हरिद्वार। वाराही आर्ट फाउंडेशन, हरियाणा द्वारा हरिद्वार स्थित गार्डिनियर होटल में तीन दिवसीय राष्ट्रीय चित्रकला कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 40 कलाकारों ने भाग लिया और अपनी कला के माध्यम से कैनवास पर आकर्षक एवं मनमोहक चित्र उकेरे।
कार्यशाला के दौरान कलाकारों ने अपनी-अपनी विशिष्ट शैली में कला का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों और कला प्रेमियों द्वारा खूब सराहा गया। आयोजन का उद्देश्य कला के विभिन्न रूपों को मंच प्रदान करना और कलाकारों के बीच संवाद एवं रचनात्मक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना रहा।

इस अवसर पर उत्तराखंड मूल के एवं वर्तमान में फरीदाबाद (हरियाणा) निवासी राजीव सेमवाल को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय “कला श्री सम्मान” से सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन समारोह में हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर श्रीवास्तव, समाजसेवी आदित्य गुप्ता तथा वाराही आर्ट फाउंडेशन की संस्थापक अदिति बजाज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान प्रसिद्ध चित्रकारों एवं प्रतिभागियों की बड़ी संख्या ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

तीन दिनों तक चले इस आयोजन में प्रदर्शित कलाकृतियों को दर्शकों ने खूब सराहा और इसे कला के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही, ताकि देशभर के कलाकारों को एक मंच मिल सके।
