देहरादून। जरूरतमंद मरीजों की मदद और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ओएनजीसी कौलागढ़ स्थित बीएस नेगी महिला प्राविधिक प्रशिक्षण संस्थान की छात्राओं ने सराहनीय पहल की। रणजीत सिंह वर्मा चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 53 छात्राओं ने रक्तदान कर 53 यूनिट रक्त एकत्र कराया। छात्राओं के इस प्रयास को सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा की मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है।
शिविर के दौरान छात्राओं में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया। ट्रस्ट के सचिव एवं कार्यक्रम आयोजक मोहन सिंह खत्री ने कहा कि देहरादून में पहली बार एक साथ 53 छात्राओं का रक्तदान करना महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी मरीज को अचानक पड़ सकती है और ऐसे समय में रक्तदाता का योगदान जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए आगे आने की अपील की।

ट्रस्ट अध्यक्ष अजय वर्मा ने छात्राओं के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महज सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि मानवता के प्रति जिम्मेदारी भी है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज और उसके परिवार के लिए उम्मीद की किरण बन सकता है।
कार्यक्रम में संस्थान की प्रधानाचार्य नमिता ममगाई ने स्वयं रक्तदान कर छात्राओं का हौसला बढ़ाया। वहीं, संस्थान की ओर से ट्रस्ट अध्यक्ष अजय वर्मा और सचिव मोहन सिंह खत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पूनम भंडारी ने किया।

रक्तदान शिविर में दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने रक्त संग्रह किया। चिकित्सक डॉ. सुनीति काला समेत स्वास्थ्यकर्मी शिविर में मौजूद रहे और रक्तदाताओं की आवश्यक जांच के बाद रक्त संग्रह की प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर पर इंद्रजीत कोर, संध्या लिम्बु, किरण नेगी समेत संस्थान की शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के समापन पर मोहन सिंह खत्री ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


