Breaking News

मुख्यमंत्री ने शहीद दुर्गामल्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

-हमारा कर्तव्य है कि हमारी आने वाली पीढ़ी, शहीदों के संघर्ष और बलिदान के बारे में जाने: मुख्यमंत्री

देहरादून:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अमर शहीद मेजर दुर्गा मल्ल के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शहीद दुर्गामल्ल पार्क, गढी कैंट और गांधी पार्क स्थित शहीद दुर्गामल्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर वीर शहीद दुर्गामल्ल के बलिदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वो हम सभी के प्रेरणा स्रोत हैं। जीवन तो सभी जीते हैं परन्तु दुनिया सदियों तक केवल उन्हीं को याद करती है जिन्होंने अपने देश के लिये संघर्ष और बलिदान किया होता है। अमर शहीद दुर्गामल्ल ऐसे ही व्यक्तित्व थे।

मुख्यमंत्री ने कहा ये हमारा कर्तव्य है कि हमारी आने वाली पीढ़ी, शहीदों के संघर्ष और बलिदान के बारे में जाने। उन्होंने कहा शहीदों की स्मृति में कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किये जाने चाहिये और युवाओं को इनमें प्रतिभागिता करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी उपस्थित थे।