Breaking News

हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज, डीएम-एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

देहरादून। डीएवी महाविद्यालय में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान कथित अभद्र व्यवहार को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 11 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में गायक ने मंच से श्रोताओं के प्रति अभद्र भाषा और गाली-गलौज का प्रयोग किया। संगठनों का कहना है कि कार्यक्रम में पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद कोई तत्काल कार्रवाई नहीं की गई, जिससे नाराजगी बढ़ी है। यह भी आरोप है कि घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से जाने के बाद माहौल बदला।

प्रतिनिधियों ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक मर्यादाओं के विपरीत इस तरह की घटनाएं स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन पर शुरुआती स्तर पर चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए कहा कि बाद में केवल नोटिस जारी कर मामले को शांत करने की कोशिश की जा रही है, जो पर्याप्त नहीं है।

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि संबंधित गायक के खिलाफ सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता, अभद्र भाषा और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की गई है।

इस दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।