Breaking News

श्री देव भूमि इंस्टीट्यूट में नर्सिंग छात्रों के लिए “ओथ सेरेमनी एवं लैम्प लाइटिंग समारोह” का भव्य आयोजन

देहरादून। श्री देव भूमि इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन साइंस एंड टेक्नोलॉजी, पौधा में नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए “ओथ सेरेमनी एवं लैम्प लाइटिंग समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेडांता गुरुग्राम से आए वरिष्ठ नर्सिंग विशेषज्ञ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि विनोद कृष्णनकुट्टी (नर्सिंग डायरेक्टर, मेडांता गुरुग्राम) और बिजी जयप्रदीप (नर्सिंग सुपरिटेंडेंट एवं कॉरपोरेट हेड नर्सिंग क्वालिटी, मेडांता गुरुग्राम) द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद नर्सिंग के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की शपथ दिलाई गई।

मुख्य अतिथि विनोद कृष्णनकुट्टी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग एक सम्मानजनक और व्यापक क्षेत्र है, जिसमें रोगियों की देखभाल के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं में भी अहम भूमिका निभाई जाती है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, निरंतर अध्ययन और व्यावहारिक ज्ञान पर ध्यान देने की सलाह दी और कहा कि नर्सिंग में सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती।

वहीं, बिजी जयप्रदीप ने नर्सिंग पेशे में गुणवत्ता, नैतिकता और सहानुभूति को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए छात्रों को ईमानदारी, टीमवर्क और मरीजों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग का क्षेत्र अस्पतालों तक सीमित नहीं है, बल्कि रेलवे, सेना, एनजीओ और अन्य सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों में भी करियर के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के अध्यक्ष श्रीनिवास नौटियाल ने नर्सिंग को समर्पण और मानव सेवा का प्रतीक बताते हुए कोविड-19 महामारी में नर्सों की भूमिका को याद किया और उनके योगदान की सराहना की। निदेशक डॉ. शिवानंद पाटिल ने संस्थान में उपलब्ध अनुभवी शिक्षकों, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था और अस्पतालों में प्रायोगिक प्रशिक्षण की सुविधाओं की जानकारी दी।

समारोह के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं—खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कैरम और आर्म रेसलिंग—का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को मुख्य अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान की गईं। साथ ही नर्सिंग विभाग के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।

कार्यक्रम में उप प्राचार्य, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का समापन नर्सिंग विद्यार्थियों द्वारा मानव सेवा और समर्पण की शपथ के साथ हुआ।