देहरादून। चुनाव आयोग की कथित अलोकतांत्रिक कार्यवाही के विरोध में सीपीएम कार्यकर्ताओं ने देहरादून में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से गांधी पार्क तक जुलूस निकाला और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला भी दहन किया।
सीपीएम कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त और केंद्र की मोदी सरकार के बीच मिलीभगत है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “जनता के वोट चुराना बंद करो” समेत कई नारे लगाए।

सीपीएम नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विपरीत कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। पार्टी ने मांग की कि ज्ञानेश कुमार तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।
प्रदर्शन के दौरान सीपीएम के राज्य सचिव राजेंद्र पुरोहित, जिलासचिव शिवप्रसाद देवली, देहरादून सचिव अनंत आकाश, सचिवमंडल सदस्य लेखराज, किसान सभा के प्रदेश महामंत्री भूपाल सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सीपीएम नेता गंगाधर नौटियाल, सीआईटीयू अध्यक्ष एसएस नेगी, राज्य कोषाध्यक्ष मनमोहन सिंह, एसएफआई जिलासचिव अयाज खान और छात्रसंघ उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन सीपीएम नेता सुरेंद्र सिंह सजवाण ने किया।

इस मौके पर सीआईटीयू उपाध्यक्ष भगवन्त पयाल, राम सिंह भंडारी, कोषाध्यक्ष रविंद्र नौडियाल, सचिव अभिषेक भंडारी, हिमांशु चौहान, एसएफआई अध्यक्ष प्रियंका, यूएन बलूनी, मनीष कुमार, नितिन बौंठियाल, रामप्रवेश, सोनू कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और प्रदर्शनकारी मौजूद रहे।


