नालापानी रोड स्थित श्मशान घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
देहरादून। श्रमिक संगठन सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) से जुड़े वरिष्ठ श्रमिक नेता अनिल गोस्वामी का 2 अक्टूबर को मैक्स अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से श्रमिक संगठनों और साथियों में शोक की लहर है। सीटू ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए श्रमिक आंदोलन में उनके योगदान को याद किया।
अनिल गोस्वामी ऑर्डनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त होने के बाद भी श्रमिकों के अधिकारों और उनकी समस्याओं को लेकर सक्रिय रहे। रायपुर स्थित ऑर्डनेंस फैक्ट्री में कार्यरत रहते हुए भी उन्होंने श्रमिकों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे लगातार सीटू से जुड़े रहे और श्रमिक हितों के लिए आवाज उठाते रहे।
बताया गया कि कुछ दिन पहले उनकी तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 2 अक्टूबर को उन्होंने अंतिम सांस ली। इसके बाद नालापानी रोड स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार के दौरान सीटू की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। सीटू के प्रांतीय महामंत्री लेखराज ने संगठन का झंडा अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।
इस दौरान सीटू के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र सिंह नेगी, सीपीएम के प्रांतीय मंत्री राजेंद्र पुरोहित, जिला मंत्री शिव प्रसाद देवली, अनंत आकाश, रक्षा यूनियन के जगदीश छिमवाल, मनमोहन रोताज, वर रावत, अशोक शर्मा, विजय भट्ट, इन्द्रेश नौटियाल समेत बड़ी संख्या में श्रमिक संगठन से जुड़े लोग और अन्य उपस्थित रहे।
