देहरादून। भारतीय रेड क्रॉस शाखा देहरादून और लायंस क्लब संकल्प देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को भंडारी बाग स्थित आरएस डेकोर में रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जरूरतमंद मरीजों के लिए 35 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
शिविर का शुभारंभ भारतीय रेड क्रॉस शाखा देहरादून के चेयरमैन डॉ. एमएस अंसारी और लायंस क्लब संकल्प के अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता ने फीता काटकर किया। रक्त संग्रह के लिए ग्राफिक एरा अस्पताल की टीम ने सहयोग दिया।

115 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
रक्तदान के साथ ही शिविर में स्वास्थ्य जांच की भी व्यवस्था की गई थी। इस दौरान 115 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया। शिविर में फिजिशियन और दंत चिकित्सकों ने लोगों की जांच की और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जरूरतमंद लोगों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
रक्तदाताओं को दिए प्रमाण पत्र
रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ाने के लिए भारतीय रेड क्रॉस शाखा देहरादून की ओर से रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने रक्तदान को समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
शिविर में भारतीय रेड क्रॉस शाखा देहरादून की सचिव कल्पना बिष्ट, प्रबंध समिति सदस्य मोहन सिंह खत्री, अनिल वर्मा, प्रेमलता वर्मा, योगेश अग्रवाल, नारायण सिंह राणा, डॉ. शिफाहत अंसारी और जाहिद हुसैन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं लायंस क्लब की ओर से अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता, सचिव नीरज अग्रवाल और कोषाध्यक्ष अमित मोहन समेत कई सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए।
