देहरादून। देहरादून में इंदिरा मार्केट पुनर्विकास योजना का काम लंबे समय से ठप पड़े होने के विरोध में प्रभावित व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान उपजिलाधिकारी अपूर्वा सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें बताया गया कि वर्ष 2016 में योजना शुरू हुई थी और दो साल में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन सरकार बदलने और कोविड-19 महामारी सहित अन्य कारणों से यह योजना वर्षों तक लटकी रही।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि वर्ष 2022 में योजना को दोबारा शुरू कर दिसंबर 2026 तक विस्थापन का लक्ष्य तय किया गया था, लेकिन पिछले तीन महीनों से वित्तीय संकट के चलते काम पूरी तरह बंद पड़ा है। इससे व्यापारियों का रोजगार प्रभावित हुआ है और उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
प्रभावितों ने प्रशासन से मांग की कि योजना के लिए तत्काल धनराशि जारी कर कार्य शुरू कराया जाए, निर्माण की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए और प्रभावित परिवारों के लिए अंतरिम राहत व वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिला प्रशासन से नियमित मॉनिटरिंग कर समयबद्ध तरीके से योजना पूरी कराने की मांग भी उठाई गई।

उपजिलाधिकारी अपूर्वा सिंह ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे परियोजना स्थल के गेट पर परिवार सहित धरना देने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रभावित व्यापारी मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से रखा।
