Breaking News

चमोली के विकासखँड दशोली में प्राथमिक विद्यालय का विदाई समारोह, नशा मुक्ति पर छात्रों को किया गया जागरूक

चमोली। जनपद चमोली के विकासखँड दशोली में राजकीय प्राथमिक विद्यालय कठूड में कक्षा 5 के विद्यार्थियों के लिए भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों को विदाई पत्र और सम्मान देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

समारोह के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के तहत ड्रग्स के दुष्प्रभावों पर आधारित जनजागरूकता फिल्म “जहर की राह” का प्रदर्शन किया गया। प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई गई इस फिल्म के जरिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने सरकारी विद्यालयों में प्रवेश को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन सरकारी स्कूलों में कराने की अपील की। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को भी जरूरी बताया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुनील पुंडीर उपस्थित रहे। उनके साथ दर्शन सिंह बर्तवाल, सुनील नाथन बिष्ट और फिल्म “जहर की राह” की अभिनेत्री प्रियांशी पुंडीर भी मौजूद रहीं। नेह ट्रस्ट फाउंडेशन की ओर से विद्यार्थियों को दुर्लभ भारतीय मुद्रा भी भेंट की गई।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहन लाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। शिक्षकों और स्टाफ के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।