Breaking News

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में तीनों वामपंथी दलों की संयुक्त बैठक

वीआईपी की पहचान और सजा के बिना न्याय संभव नहीं- वामपंथी दल

देहरादून। राज्य में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में तीनों वामपंथी दलों—भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भाकपा (माले)—की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। यह बैठक माकपा राज्य कार्यालय, कॉमरेड पूरनचन्द्र स्मृति भवन, न्यू गांधी ग्राम में संपन्न हुई, जिसमें नेताओं ने आंदोलन के साथ पूर्ण एकजुटता व्यक्त की।

बैठक में वाम नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय तभी संभव है, जब कथित वीआईपी की पहचान कर उसे सजा दिलाई जाए। नेताओं का आरोप है कि इस मामले में वीआईपी ही हत्या का मुख्य कारण है और बिना उसकी शिनाख्त के न्याय अधूरा रहेगा। उन्होंने भाजपा से जुड़े जिन नेताओं—दुष्यंत कुमार गौतम और अजय कुमार—के नाम इस प्रकरण में सामने आए हैं, उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में लाने की मांग की।

वाम दलों ने यह भी आरोप लगाया कि लीक ऑडियो में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का उल्लेख सामने आया है, जिसमें सीबीआई जांच को रोकने की बात कही जा रही है। इसे गंभीर बताते हुए नेताओं ने मुख्यमंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की।

बैठक में कहा गया कि अंकिता भंडारी का मामला केवल एक युवती के न्याय का प्रश्न नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा अहम मुद्दा है। नेताओं ने पर्यटन के नाम पर प्रदेश में कथित तौर पर “थाईलैंड मॉडल” को बढ़ावा दिए जाने का भी विरोध किया।

वाम दलों ने घोषणा की कि 11 जनवरी को टिहरी राजशाही के खिलाफ शहादत देने वाले कॉमरेड नागेंद्र सकलानी और कॉमरेड मोलू भरदारी के शहादत दिवस पर प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दिन वामपंथी दल अंकिता भंडारी के न्याय और मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग को लेकर सड़कों पर उतरेंगे।

इसके अलावा बैठक में वाम नेताओं ने वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को कथित तौर पर बंधक बनाए जाने की कड़ी निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका साम्राज्यवादी नीति के तहत वेनेजुएला के संसाधनों पर कब्जा करना चाहता है और दुनिया की शांति प्रिय जनता को इसके खिलाफ एकजुट होना चाहिए।

बैठक में भाकपा के पूर्व राज्य सचिव कॉमरेड समर भंडारी, माकपा के राज्य सचिव कॉमरेड राजेंद्र पुरोहित, भाकपा (माले) के राज्य सचिव कॉमरेड इन्द्रेश मैखुरी, भाकपा राज्य काउंसिल सदस्य कॉमरेड अशोक शर्मा, माकपा राज्य सचिव मंडल के सदस्य कॉमरेड अनंत आकाश, कॉमरेड इंदु नौडियाल, कॉमरेड नितिन मलेठा सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।