चमोली में सांस्कृतिक रंगों से सजा विद्यालय का वार्षिकोत्सव, छात्रों ने बिखेरा जलवा
चमोली। जनपद चमोली के देवतोली स्थित जी.डी. मेमोरियल जूनियर हाई स्कूल में दो दिवसीय वार्षिक समारोह का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा।
समारोह के प्रथम दिवस 26 फरवरी 2026 को मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री मौजूद रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिल नेगी (फौजी भाई), विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष प्रताप लूथरा, पूर्व जिला अध्यक्ष शिक्षक संघ बीना भंडारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान सेमी ग्वाड काजल देवी ने की। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और अभिभावकों की भी सक्रिय भागीदारी रही।
द्वितीय दिवस 27 फरवरी 2026 को बद्रीनाथ विधानसभा के विधायक लखपत सिंह बुटोला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री हरि कृष्ण भट्ट तथा शिवानंद नौटियाल राजकीय महाविद्यालय करनप्रयाग के प्राचार्य डॉ. राम अवतार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अन्य अतिथियों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह के दौरान सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, मां चंडिका नृत्य, झूमेलो जागर और मां नंदा देवी नृत्य जैसी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। मंच संचालन हर्ष बल्लभ थपलियाल ने किया।

विद्यालय के प्रबंधक राकेश पुरोहित और प्रधानाचार्य आशीष पुरोहित ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
