Breaking News

कारगिल शहीद सुरेन्द्र सिंह नेगी के शहीद द्वार का देहरादून में हुआ भूमिपूजन

देहरादून। कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त शहीद सुरेन्द्र सिंह नेगी के सम्मान में शहीद द्वार निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। 22 जनवरी 2026 को बद्री केदार गढ़वाल महासभा देहरादून की ओर से शहीद सुरेन्द्र सिंह नेगी के शहीद द्वार का विधिवत भूमिपूजन किया गया।

शहीद सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कारगिल युद्ध के दौरान अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए 7 जुलाई 1999 को भारत माता की सेवा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। शहादत के लगभग 27 वर्षों बाद बद्री केदार गढ़वाल महासभा देहरादून के प्रयासों से शहीद द्वार निर्माण का यह कार्य साकार हो सका, जिसे सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर के सहयोग से मूर्त रूप दिया गया।

भूमिपूजन कार्यक्रम में भारतीय सेना से जुड़े अधिकारी एवं जवानों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर सुबेदार अरुण पाल सिंह, सुबेदार योगेश थापा, बीएचएम सुरेन्द्र सिंह, हवलदार रूपेन, राजकुमार सहित कई सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं बद्री केदार गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष विनीत कुलसारी, सचिव राजेश्वरी रावत, उपाध्यक्ष भुवन चंद्र जोशी, संयुक्त सचिव हरेंद्र सिंह गुसाईं, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह नेगी सहित संगठन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि बिजेंद्र उनियाल, पार्षद किरण यादव, अनिल नौटियाल, शहीद के बड़े भाई देवेंद्र नेगी तथा बड़ोवाला क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों ने भी सहभागिता की। इस पावन अवसर पर 29 यूके बटालियन एनसीसी के कैडेटों द्वारा शहीद को सलामी दी गई और श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

भारत माता और शहीद सुरेन्द्र सिंह नेगी के जयकारों के साथ वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। कार्यक्रम का समापन पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ शहीद द्वार के भूमिपूजन के साथ किया गया।