Breaking News

मानव अधिकार दिवस पर जनवादी महिला समिति की गोष्ठी, सरकार की नीतियों पर जताई चिंता

देहरादून।  देहरादून के न्यू पटेल नगर में जनवादी महिला समिति ने सोमवार को मानव अधिकार दिवस के अवसर पर एक गोष्ठी आयोजित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता नूरेसा अंसारी ने की, जबकि संगठन की प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं प्रभारी इन्दु नौडियाल मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहीं। गोष्ठी में लगभग 50 महिलाएं शामिल हुईं।

बैठक के दौरान मानव अधिकारों और संविधान द्वारा प्रदत्त मूल अधिकारों पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में महंगाई, बेरोजगारी, महंगी स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा जैसी समस्याओं से जूझ रहे आम लोगों को राहत देने के बजाय सरकार ऐसे फैसले ले रही है जो उनके जीवन को और कठिन बना रहे हैं।

ऐलीवेटेड रोड परियोजना का जिक्र करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार इस परियोजना के नाम पर हजारों परिवारों को बेघर करने की तैयारी में है। उन्होंने इसे “चिंताजनक और शर्मनाक” बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार मानव अधिकारों पर लगातार हमला कर रही है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

गोष्ठी में महिलाओं ने एकजुट होकर कहा कि मानव अधिकारों के संरक्षण के लिए संघर्ष जारी रहेगा।