Breaking News

इंडिया खेलो फुटबॉल के फाइनल नेशनल राउंड में उत्तराखंड के चार खिलाड़ी चयनित

देहरादून। उत्तराखंड फुटबॉल के लिए गर्व की खबर सामने आई है। ‘इंडिया खेलो फुटबॉल’ के फाइनल नेशनल राउंड के लिए राज्य के चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन हुआ है। यह जानकारी देहरादून फुटबॉल एकेडमी (डीएफए) के अध्यक्ष और हेड कोच डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।

डॉ. रावत ने बताया कि ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन और राज्य फुटबॉल एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त देहरादून फुटबॉल एकेडमी पिछले 15 वर्षों से प्रदेश में फुटबॉल प्रतिभाओं को निखारने का कार्य कर रही है। स्वयं पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी, रेफरी और अंतरराष्ट्रीय कोच रहे डॉ. रावत पिछले 27 वर्षों से उत्तराखंड और देश के लिए खिलाड़ी, कोच और रेफरी तैयार कर रहे हैं, जो आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उनके योगदान के लिए उन्हें देश-विदेश में कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि इंडिया खेलो फुटबॉल (मुंबई) की ओर से देशभर में पिछले पांच वर्षों से प्रतिभा खोज ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में इस वर्ष 5 अक्टूबर को देहरादून फुटबॉल एकेडमी के मैदान में राज्य स्तरीय ट्रायल हुआ, जिसमें 265 खिलाड़ियों में से अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग के 17 खिलाड़ियों का चयन किया गया। इसके बाद 6 और 7 दिसंबर को दिल्ली में नॉर्थ जोन नेशनल ट्रायल आयोजित हुआ, जहां 350 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

नॉर्थ जोन ट्रायल के बाद उत्तराखंड के चार खिलाड़ियों ने अंतिम चरण के लिए जगह बनाई। अंडर-15 वर्ग में तरुण (फॉरवर्ड), जबकि अंडर-17 वर्ग में प्रियांशु रावत (गोलकीपर, ऋषिकेश), प्रियांशु जोशी (फॉरवर्ड, देहरादून) और अमन फर्शवान (डिफेंडर, देहरादून) का चयन हुआ है।

डॉ. रावत ने बताया कि इन खिलाड़ियों का फाइनल चयन 23 जनवरी 2026 को मुंबई के कुपरेज फुटबॉल स्टेडियम में होगा। इस दौरान आई-लीग, इंडियन सुपर लीग, भारतीय टीम, विभिन्न फुटबॉल एकेडमी और विदेशी प्रोफेशनल क्लबों के चयनकर्ता मौजूद रहेंगे, जो खिलाड़ियों को अपने क्लब के लिए चुनेंगे।

इस उपलब्धि पर देहरादून फुटबॉल एकेडमी की ओर से चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में असिस्टेंट कोच आशीष नेगी, मनोज नेगी, अभिषेक मिश्रा, मैनेजर गोपाल रावत, विमल रावत सहित खिलाड़ियों के अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

डॉ. रावत ने विश्वास जताया कि देहरादून फुटबॉल एकेडमी के ये चारों खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर न सिर्फ अपना बल्कि अपने राज्य, माता-पिता और कोच का नाम भी रोशन करेंगे।