गोपेश्वर। चमोली जिले की शिक्षिका और साहित्यकार डॉ. संगीता बिष्ट ‘कौमुदी’ को शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रथम ‘राष्ट्र विभूति’ सम्मान 2025 से सम्मानित किया जाएगा।
यह सम्मान योगेश शिक्षा कला संस्कृति एवं उत्थान ट्रस्ट एवं फॉन्सिस यूनिवर्सिटी के तत्वाधान में आयोजित समारोह में दिया जाएगा। देशभर से 117 विभूतियों को शिक्षा, साहित्य, कला-संस्कृति और पर्यावरण के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
भव्य पुरस्कार समारोह 2 नवंबर 2025 को फॉन्सिस यूनिवर्सिटी, रुड़की में आयोजित किया जाएगा। चमोली जिले से राष्ट्रीय स्तर पर डॉ. संगीता बिष्ट का चयन इस सम्मान के लिए किया गया है।
इसके अलावा, डॉ. संगीता बिष्ट को “उत्तराखंड गोल्डन पोएट्री अवार्ड” से भी सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार विश्व हिन्दी रचनाकार मंच द्वारा प्रकाशित पुस्तक “उत्तराखंड की प्रतिभाशाली कवयित्रियां” में उनकी रचनाओं और परिचय के आधार पर दिया जाएगा। पुरस्कार वितरण समारोह उत्तराखंड कवयित्री अवार्ड फेस्टिवल 2025, ऋषिकेश (उत्तराखण्ड) में आयोजित किया जाएगा।
डॉ. संगीता बिष्ट ‘कौमुदी’ की इस उपलब्धि से न केवल चमोली, बल्कि पूरे उत्तराखंड का साहित्यिक मान बढ़ा है।
