Breaking News

देहरादून में पत्रकारों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा की मांग, जिलाधिकारी से सौंपा ज्ञापन

देहरादून। राजधानी में पत्रकारों को सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल से भेंट की और ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में पत्रकारों ने बताया कि जिला चिकित्सालय कोरोनेशन और दून मेडिकल कॉलेज में ओपीडी का पर्चा बनवाने और दवा लेने के लिए उन्हें घंटों लाइन में लगना पड़ता है। इससे मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को भारी असुविधा हो रही है, क्योंकि उन्हें कार्यक्रमों की कवरेज के लिए समय पर जाना भी होता है।

यूनियन ने कहा कि पूर्व में पत्रकारों के लिए ओपीडी का अलग काउंटर और दवा न मिलने की स्थिति में लोकल परचेज की सुविधा उपलब्ध कराई जाती थी, जो वर्तमान में बंद कर दी गई है। यूनियन ने इन सुविधाओं को पुनः प्रारंभ कराने की मांग की।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि पत्रकारों की मांग उचित है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस संबंध में वे शासन को प्रस्ताव भेजेंगे और स्वास्थ्य सचिव से बातचीत करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकार जनहित से जुड़े मुद्दों को जिला प्रशासन के समक्ष लाते रहें।

प्रतिनिधिमंडल में उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष किरन कुमार शर्मा, प्रदेश महासचिव हरीश जोशी, जिला अध्यक्ष शशि शेखर, जिला महासचिव दरबान सिंह और जिला कोषाध्यक्ष विपनेश गौतम शामिल थे।