Breaking News

CPI(M) का देहरादून में जोरदार प्रदर्शन, अमेरिका के खिलाफ फूटा गुस्सा

देहरादून। देहरादून में CPI(M) ने अमेरिका द्वारा ईरान पर की गई सैन्य कार्रवाई के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने राजपुर रोड स्थित गांधी पार्क के पास डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू का पुतला दहन कर विरोध जताया और अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने अमेरिकी कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और किसी भी संप्रभु राष्ट्र के अधिकारों का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सैन्य कार्रवाई वैश्विक शांति के लिए खतरा है और इससे कूटनीतिक प्रयासों को नुकसान पहुंचता है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि अमेरिका पहले भी अन्य देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करता रहा है।

पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार के रुख पर भी सवाल उठाए और नरेंद्र मोदी की हालिया इजराइल यात्रा के संदर्भ में चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत को संतुलित विदेश नीति अपनाते हुए सभी पक्षों के साथ अपने संबंधों को ध्यान में रखना चाहिए।

सभा में वक्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह ईरान पर हुए हमले की स्पष्ट निंदा करे और तत्काल युद्धविराम के लिए पहल करे। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत के ईरान, इजराइल और फिलिस्तीन जैसे देशों के साथ ऐतिहासिक और रणनीतिक संबंध रहे हैं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए संतुलित कूटनीति जरूरी है।

 प्रदर्शन पार्टी कार्यालय से शुरू होकर राजपुर रोड तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों और पार्टी पदाधिकारियों ने हिस्सा लेकर ईरान के प्रति एकजुटता जताई और वैश्विक शांति की अपील की।