देहरादून। मौसम में बदलाव के साथ ही प्रदेश में संक्रामक बीमारियों के मामले सामने आ रहे हैं। डेंगू और सर्दी-जुकाम के बीच स्वाइन फ्लू को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने लोगों से सावधानी बरतने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते जांच व उपचार कराने की अपील की है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के 695 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 231 मामले अकेले देहरादून जिले में दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में इस बीमारी से दो मरीजों की मौत हुई थी। हालांकि, दोनों मरीज अन्य बीमारियों से भी ग्रसित थे।
डॉ. शर्मा के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग के पास मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त दवाएं और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। दून अस्पताल सहित प्रदेश के प्रमुख चिकित्सालयों में मरीजों का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर लापरवाही न बरतें और समय पर चिकित्सकीय जांच कराकर उपचार शुरू करवाएं।
उन्होंने बदलते मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि समय पर जांच और उपचार से मरीजों को उचित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।
जनपद देहरादून के मुख्य चिकित्साधिकारी से हमारी मुलाकात पर, हमारी खबर,आपकी नजर देखते रहिए पढ़ते रहिए अमर उत्तराखण्ड….


