देहरादून। देहरादून में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को 22 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। यह कार्यक्रम नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के आह्वान पर देशभर के जिला मुख्यालयों में किए जा रहे कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया। देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम की मौजूदगी और आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार तथा भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष कपिल कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

बताया गया कि पुणा पैक्ट दिवस के अवसर पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित संपूर्ण भागीदारी महा आंदोलन को अनुमति नहीं मिलने के कारण स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद संगठन की ओर से जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित कर आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम ने आरक्षण और एससी-एसटी एक्ट को लेकर संगठन की स्थिति रखी। उन्होंने कहा कि आरक्षण को लेकर बहुजन समाज अपने अधिकारों से किसी तरह का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यदि आरक्षण या एससी-एसटी एक्ट से जुड़े अधिकारों में किसी तरह की छेड़छाड़ की गई तो संगठन इसका विरोध करेगा।

आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद के आह्वान पर आयोजित यह आंदोलन अधिकारों की मांग को लेकर चलाए जा रहे कार्यक्रमों का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि संगठन अपने हक और अधिकारों के मुद्दों को लेकर आगे भी आवाज उठाता रहेगा।
इस दौरान आजाद समाज पार्टी के संरक्षक एवं पूर्व न्यायाधीश कल भारती, राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य अधिवक्ता जावेद खान, प्रदेश सचिव प्रीतम कुलवंशी, प्रदेश उपाध्यक्ष रामू राजोरिया, भीम आर्मी प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश कुमार, जिला अध्यक्ष कपिल कुमार, आजाद समाज पार्टी के संस्थापक सदस्य सुबोध कुमार, महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार, भीम आर्मी महानगर अध्यक्ष आजम खान, जिला मीडिया प्रभारी सुशील सैनी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार और अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष कलीम भाई समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
