देहरादून। हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड रिसर्च, देहरादून में बी.फार्मा और डी.फार्मा प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन एवं इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, प्रशिक्षण और फार्मेसी क्षेत्र में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। संस्थान के निदेशक ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि जिस विश्वास के साथ विद्यार्थियों ने अपने करियर के लिए संस्थान का चयन किया है, उसे पूरा करने के लिए संस्थान हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि फार्मेसी एक महत्वपूर्ण पेशा है, जिसका सीधा संबंध जनस्वास्थ्य और मानव सेवा से है।

निदेशक ने विद्यार्थियों को संस्थान की वर्ष 2006 से चली आ रही शैक्षणिक विरासत के बारे में जानकारी दी। साथ ही फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के मानकों, शैक्षणिक नियमों, अनुशासन, उपस्थिति, प्रयोगशाला सुविधाओं, औद्योगिक प्रशिक्षण, अस्पताल प्रशिक्षण और प्लेसमेंट की व्यवस्थाओं से अवगत कराया। विद्यार्थियों को फार्मेसी क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न रोजगार और उच्च शिक्षा के अवसरों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, एंटी-रैगिंग नियमों और आचार संहिता के बारे में विस्तार से बताया। इसके अलावा जीपैट, औषधि निरीक्षक, फार्मासिस्ट सहित उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के विकल्पों पर भी चर्चा की गई।

ओरिएंटेशन कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान की प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और कक्षाओं का भ्रमण कराया गया। इसके बाद विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद सत्र आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं और सवालों के जवाब प्राप्त किए।
संस्थान प्रबंधन, निदेशक और समस्त स्टाफ ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
