Breaking News

शहीद आंदोलनकारियों की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन, 30 यूनिट रक्त दून मेडिकल कॉलेज को सौंपा

शहीद आंदोलनकारियों की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन, 30 यूनिट रक्त दून मेडिकल कॉलेज को सौंपा

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने किया शिविर का उद्घाटन

देहरादून। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान खटीमा में शहीद हुए आंदोलनकारियों की स्मृति और राज्य आंदोलन के पुरोधा रहे स्वर्गीय रणजीत सिंह वर्मा की पुण्यतिथि पर कचहरी स्थित शहीद स्मारक में रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल तथा समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने स्वर्गीय रणजीत सिंह वर्मा से जुड़ी अपनी स्मृतियां साझा करते हुए उन्हें उत्तराखंड का महान चिंतक बताया। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान खटीमा में हुई शहादत ने आंदोलन को निर्णायक मोड़ दिया और यहीं से आंदोलन की चिंगारी और तेज हुई।

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आंदोलनकारियों की मांग पर शहीद स्मारक में नवनिर्मित शेड के लिए पंखे और जनरेटर सेट उपलब्ध कराने की घोषणा की।

रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर के माध्यम से 30 यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जिसे दून मेडिकल कॉलेज को उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम के आयोजक, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के कोषाध्यक्ष मोहन खत्री और उनकी टीम को रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मंत्रियों ने 151 रक्तदान शिविरों के आयोजन के लिए मोहन खत्री को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में 115 लोगों की विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया गया।

आयोजित सभा में राज्यमंत्री अशोक वर्मा, पूर्व राज्यमंत्री रविंद्र जुगराण, बार एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल शर्मा, रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. एमएम अंसारी, सचिव कल्पना बिष्ट, जनकवि अतुल शर्मा, मंच के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती, सलाहकार केशव उनियाल और पृथ्वी सिंह नेगी समेत कई वक्ताओं ने विचार रखे। कार्यक्रम में मोहन थापा, ध्यान पाल सिंह, मोहन रावत, धर्मानंद भट्ट और रेनु सेमवाल समेत कई लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन पूरण सिंह लिंगवाल ने किया। इस दौरान स्वर्गीय रणजीत सिंह वर्मा के सुपुत्र अजय वर्मा और अरुण वर्मा के अलावा द्वारिका बिष्ट, राधा तिवारी, विनोद असवाल, सुभागा फर्सवाण, सुरेश कुमार, देवेश्वरी सहित बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों द्वारा दिए गए योगदान और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।