Breaking News

पौड़ी में जनता दर्शन में पहुंचीं 28 शिकायतें, आयुक्त ने अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

पौड़ी में जनता दर्शन में पहुंचीं 28 शिकायतें, आयुक्त ने अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

पौड़ी- जनपद पौड़ी गढ़वाल में जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित किए जा रहे जनता दर्शन एवं जनता मिलन कार्यक्रम केवल शिकायत दर्ज कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लोगों को इनका सीधा लाभ भी मिल रहा है। आमजन द्वारा रखी जा रही समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों द्वारा समयबद्ध कार्रवाई की जा रही है, वहीं जिलाधिकारी के निर्देशन में पूर्व में जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों की भी लगातार समीक्षा एवं फॉलोअप कर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। सोमवार को जिला सभागार में आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन में 28 शिकायतें एवं समस्याएं सामने आईं। आयुक्त ने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में बल्ली गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीणों को तत्काल राहत देने के लिए आयुक्त ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को दो दिन के भीतर पाइपलाइन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। पाइपलाइन की मरम्मत होने तक टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि ग्रामीणों को पानी के लिए परेशानी न उठानी पड़े। इसी तरह भिताईं मल्ली की ग्राम प्रधान मंजू नेगी ने गांव के मार्ग में झाड़ियों के कारण आवागमन में हो रही परेशानी को रखते हुए बुशकटर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर ही बुशकटर उपलब्ध करा दिया। जनता दर्शन में इस तरह की त्वरित कार्रवाई से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल प्रशासनिक सहायता मिल रही है और उनमें यह भरोसा मजबूत हो रहा है कि शिकायत सुनने के साथ-साथ उसके समाधान के लिए भी मौके पर कार्रवाई की जा रही है।

सतपुली-पैडुल मोटर मार्ग पर सड़क कटिंग का मुआवजा 10 वर्ष से अधिक समय से लंबित होने की शिकायत भी जनता दर्शन में पहुंची। लंबे समय से लंबित इस मामले पर आयुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता को प्रकरण को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए तथा संबंधित अमीन को भूमि संबंधी कार्यवाही शीघ्र पूरी करने को कहा। वाहन सरेंडर करने के दौरान बकाया धनराशि जमा करने के बावजूद बकाया दर्शाए जाने की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही परिवहन कार्यालय परिसर में अनधिकृत एजेंट पाए जाने पर कार्रवाई करने को कहा गया। तहसील मार्ग की खराब स्थिति एवं निराश्रित पशुओं की समस्या पर अधिशासी अधिकारी नगरपालिका को सड़क के गड्ढे भरवाने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। शहर में खराब पड़ी विद्युत लाइटों को ठीक कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया।

सड़क, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी अन्य शिकायतों पर भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम कठूड़ में घरों के आसपास भालू की आवाजाही की शिकायत पर एक सप्ताह के भीतर सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। सीली मल्ली गांव में ग्राम प्रधान की पात्रता से संबंधित शिकायत पर एडीपीआरओ को जांच पूरी कर रिपोर्ट देने तथा राज्य आंदोलनकारी की सूची में नाम चिन्हित न होने की शिकायत पर नियमानुसार परीक्षण कर कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, कल्जीखाल विकासखंड के ग्राम रौड़ में सड़क कटिंग के कारण मंदिर की दीवार में दरार आने की शिकायत पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अगले सोमवार से पहले मंदिर की दीवार की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि जहां भी आवासीय भवनों पर खतरा है, वहां तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर स्थायी सुरक्षा कार्य होने तक वायर क्रेट आदि के माध्यम से भवनों को सुरक्षित किया जाए। जनता दर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, पोल्ट्री फार्म, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, गांवों की स्वच्छता, सोलर लाइट, मंदिर जीर्णोद्धार एवं पेयजल पाइपलाइन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं।

जनता दर्शन की खास बात यह रही कि नई शिकायतों पर कार्रवाई के साथ-साथ पूर्व में जनता मिलन कार्यक्रमों में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण का भी फॉलोअप सामने आया। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों से कार्रवाई की स्थिति प्राप्त कर लंबित प्रकरणों को समाधान तक पहुंचाया जा रहा है। पौड़ी गांव के ग्रामीणों द्वारा जनता मिलन कार्यक्रम में क्षेत्र में खुले घूम रहे पालतू सूअरों के कारण खेती एवं खड़ी फसलों को हो रहे नुकसान की शिकायत की गई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका परिषद, पौड़ी द्वारा संबंधित सूअर पालकों को नोटिस जारी किए गए तथा उन्हें पालतू सूअरों को निर्धारित बाड़ों में रखने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन सूअर पालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 5,000 रुपये का चालान किया गया।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत बड़कोट के प्रतिनिधियों द्वारा अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र खिपलाधार से ग्राम बड़कोट स्थित खैरालिंग मंदिर मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग रखी गई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 4.25 किलोमीटर मार्ग के कार्य के लिए 330.32 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। ग्राम कुनकली क्षेत्र में घण्डियालधार-कुनकली-अलासू-बेहेड़ाखाल संपर्क मार्ग के डामरीकरण एवं सफाई की शिकायत पर भी लोक निर्माण विभाग द्वारा किमी 13 से 17 तक के विस्तृत आगणन का प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया है।

प्रगति विहार, श्रीनगर के नागरिकों द्वारा पीपल के वृक्ष को काटे जाने पर रोक लगाने तथा ई-लाइब्रेरी के लिए वैकल्पिक स्थान चयनित किए जाने संबंधी शिकायत पर उपजिलाधिकारी, श्रीनगर द्वारा जांच की गई। जांच के बाद संबंधित भूमि से पूर्व में हुआ अवैध अतिक्रमण हटाया गया तथा विद्यालय परिसर में जनहित एवं छात्रहित को देखते हुए ई-लाइब्रेरी निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। इस प्रकार शिकायतकर्ता की अपेक्षा के अनुरूप प्रकरण का समाधान सुनिश्चित किया गया। वहीं ग्राम ताल, विकासखंड पाबौ में झंगरोली क्षेत्र के हॉट मिक्स प्लांट से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देशों पर जिला खान अधिकारी एवं तहसील प्रशासन द्वारा संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर जांच की गई। जांच के दौरान प्लांट बंद मिला। साथ ही संबंधित कंपनी को आवश्यक अनुमतियां प्राप्त होने तक प्लांट का संचालन न करने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत मैन्दणी, विकासखंड रिखणीखाल में विकास कार्यों से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला पंचायती राज अधिकारी द्वारा प्रकरण की जांच एवं संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत ग्राम पंचायत में गेट निर्माण एवं ओपन जिम से संबंधित कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का लगातार फॉलोअप करते हुए उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे आमजन को योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ मिल रहा है।

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों एवं उनके निस्तारण की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने निस्तारित शिकायतों पर अधिकारियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि शिकायत का निस्तारण केवल कागजों में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने तत्काल समाधान वाली शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने तथा लंबी अवधि वाले मामलों में शिकायतकर्ता को कार्रवाई की प्रगति की जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फोन पर फीडबैक लेने को कहा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है।

आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर जनता से मिलने का निर्धारित समय तय करे। जनता को अपनी समस्या लेकर बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय स्तर पर नियमित जनसुनवाई और प्रभावी फॉलोअप जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन और जनता मिलन की वास्तविक सफलता शिकायतों की संख्या में नहीं, बल्कि उनके समाधान में है। आमजन की शिकायत पर तत्काल संज्ञान, समयबद्ध कार्रवाई, पुरानी शिकायतों का फॉलोअप और निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक इसी से जनता का प्रशासन पर भरोसा मजबूत होता है और सुशासन का उद्देश्य धरातल पर दिखाई देता है।

इस अवसर पर सीडीओ अशोक जोशी, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद्र, सीओ तपेश कुमार चंद सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।