Breaking News

गोपीनाथ मंदिर समिति का स्पष्टीकरण, सोशल मीडिया पर फैल रही सूचनाओं को बताया भ्रामक

गोपेश्वर। श्री रुद्रनाथ गोपीनाथ मंदिर प्रबंधन समिति ने मंदिर समिति के गठन और मंदिर से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर प्रसारित की जा रही कथित भ्रामक सूचनाओं पर स्पष्टीकरण जारी किया है। समिति ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा तथ्यहीन प्रचार-प्रसार कर श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है।

समिति की ओर से जारी बयान में कहा गया कि श्री रुद्रनाथ गोपीनाथ मंदिर प्रबंधन समिति का गठन परंपरागत व्यवस्थाओं, स्थानीय जनसहमति और विधिसम्मत प्रक्रिया के अनुरूप किया गया है। समिति का मुख्य उद्देश्य भगवान श्री रुद्रनाथ धाम एवं श्री गोपीनाथ मंदिर की धार्मिक गरिमा, परंपराओं, यात्रा व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करना है।

समिति ने बताया कि गठन के बाद से ही मंदिर व्यवस्था, यात्रा प्रबंधन, स्वच्छता, तीर्थयात्रियों की सुविधा, धार्मिक मर्यादाओं के संरक्षण तथा मंदिर संपत्तियों की सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसके बावजूद कुछ व्यक्तियों द्वारा निजी स्वार्थों के चलते तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रबंधन समिति ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही कई जानकारियां पूरी तरह असत्य और भ्रामक हैं। श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और केवल अधिकृत एवं प्रमाणित जानकारी को ही स्वीकार करें।

समिति ने कहा कि श्री रुद्रनाथ धाम और श्री गोपीनाथ मंदिर समस्त श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। ऐसे में धार्मिक विषयों को व्यक्तिगत विवाद या राजनीति का माध्यम न बनाया जाए तथा धाम की गरिमा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सभी सहयोग करें।

समिति ने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर सभी तथ्य और अभिलेख सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर असत्य और समाज को भ्रमित करने वाली सामग्री का प्रसार करता है तो उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

अंत में समिति ने नगरवासियों, ग्रामवासियों, श्रद्धालुओं, मीडिया प्रतिनिधियों और प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भगवान श्री रुद्रनाथ एवं श्री गोपीनाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।