Breaking News

सतपाल महाराज के बयान पर भड़के कांग्रेस नेता व वरिष्ट आन्दोलनकारी मोहन खत्री

गैरसैंण की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं- मोहन खत्री

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व वरिष्ट आन्दोलनकारी मोहन खत्री ने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने गैरसैंण स्थित विधानसभा भवन को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया था। मोहन खत्री ने इस प्रस्ताव को न केवल अनुचित बल्कि राज्य आंदोलन की भावनाओं के विपरीत बताया।

मोहन खत्री ने कहा कि गैरसैंण उत्तराखंड राज्य आंदोलन की भावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है। राज्य आंदोलन के शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति देकर अलग राज्य का सपना साकार किया था और उनकी कल्पना में गैरसैंण राज्य की राजधानी के रूप में बसा हुआ था। ऐसे में विधानसभा भवन को वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने की बात करना आंदोलन की भावना का अपमान है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने जिन प्रतिनिधियों को चुनकर विधानसभा तक भेजा है, उनसे राज्य की गरिमा और जनभावनाओं का सम्मान करने की अपेक्षा की जाती है। खत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोग सत्ता में आने के बाद राज्य के मूल उद्देश्यों और आंदोलन की भावना को भूल जाते हैं।

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि राज्य की जनता सब कुछ देख रही है और ऐसे बयानों का जवाब आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से देगी। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि गैरसैंण और राज्य आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निर्णय लिए जाएं।