Breaking News

“श्री बद्री केदार रामलीला समिति का अभिनव प्रयास – महिलाओं को मिला अपना मंच”

चमोली।  श्री बद्री केदार रामलीला समिति झाझरा द्वारा आयोजित वार्षिक रामलीला कार्यक्रम इस वर्ष विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस रामलीला में सभी महिला पात्रों की भूमिकाएँ स्वयं महिलाएँ निभा रही हैं, जो समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं।

समिति के अध्यक्ष शीशपाल सिंह रावत ने बताया कि समिति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को मंच देकर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना और उन्हें समाज में नेतृत्व के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि, “हम समय-समय पर ऐसे आयोजन करते रहेंगे जिससे महिलाएं घर की चारदीवारी से निकलकर समाज में अपनी भूमिका सशक्त रूप से निभा सकें।”

लगभग दो महीनों से कलाकारों द्वारा निरंतर अभ्यास किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप मंचन बेहद प्रभावशाली और सराहनीय रहा है। कल प्रस्तुत “सुपर्णखा बध” का मंचन दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना और सभी ने कलाकारों की प्रस्तुति की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

रामलीला के सफल आयोजन में समिति के उपाध्यक्ष सचिन वर्तमान, सचिव दलित पवार, उपसचिव हरीश रावत, कोषाध्यक्ष महेश भंडारी, उपकोषाध्यक्ष राकेश धमाका सहित संरक्षक सेन सिंह रावत, अनीता बरठल, ममता पवार, सुमन रावत, बिना भंडारी, चंद्रकला दरभंगा, अनीता रावत और निरंजन सिंह चौहान का विशेष सहयोग रहा।

मुख्य संयोजक निरंजन चौहान ने बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कदम भी है।