Breaking News

राजकीय प्रारंभिक शिक्षक सहकारी समिति की 102वीं वार्षिक बैठक सम्पन्न

देहरादून। राजकीय प्रारंभिक शिक्षक एवं सहकारी समिति लि0 की 102वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक समिति के सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के प्रशासक अशोक कुमार मनवाल ने की, जबकि संचालन समिति के सचिव राजेश्वर सिंह चौहान एवं प्रवीण कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

बैठक में 2024-25 के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, जिसे सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। समिति ने बताया कि अपने सदस्यों की जमा राशि पर 5.50 प्रतिशत ब्याज प्राप्त हुआ और ऋण पर 6.50 प्रतिशत की दर से ब्याज लिया गया। वित्तीय वर्ष 2024-25 में समिति ने 2.75 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया, जिसे सदस्यों में लाभांश के रूप में वितरित करने का निर्णय लिया गया।

साथ ही, समिति ने मृत सदस्यों के परिवारों को 1.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने और जिन सदस्यों की जमा राशि 6 लाख रुपये से अधिक है, उन्हें 25 लाख रुपये तक का ऋण वितरित करने की घोषणा की। वर्ष 2024-25 में समिति का कुल कारोबार 2.28 अरब रुपये रहा, तथा सदस्यों को 88.75 करोड़ रुपये का ऋण प्रदान किया गया। 31 मार्च 2025 को सदस्यों पर कुल 1.38 अरब रुपये का ऋण बकाया था।

बैठक में विभिन्न शिक्षक संघों के जिला और ब्लॉक पदाधिकारी, कोषाध्यक्ष, बैंक प्रतिनिधि, समिति के निवर्तमान अध्यक्ष और कर्मचारी उपस्थित थे। समिति भवन के जीर्णोद्धार और नवीनीकरण पर भी चर्चा की गई।

अंत में, समिति के प्रशासक अशोक कुमार मनवाल ने उपस्थित सभी प्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों का आभार प्रकट किया। मृत सदस्यों को सम्मान देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।